
आम आदमी पार्टी ने गुजरात के प्रदेश संयोजक ईसुदान गढ़वी पर एफआईआर दर्ज होने पर भाजपा पर पलटवार किया है। ‘‘आप’’ के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल को राजनीति रूप से खत्म करना चाहती है। इसलिए ‘‘आप’’ के नेताओं पर रोज नए एफआईआर दर्ज करा रही है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। ईसुदान गढ़वी ने एक राजनीतिक ट्वीट किया था, जिसके आधार पर उन पर एफआईआर हुई है। वहीं, इनके नेताओं पर यौन उत्पीड़न समेत गंभीर आरोप लग रहे हैं। इसके बावजूद एफआईआर नहीं होती है और सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है। भाजपा ने देश में दो तरह के कानून लागू किए हैं। एक कानून के तहत भाजपा विपक्षी नेताओं पर एफआईआर कराती है, जबकि दूसरे के तहत बड़ा जुर्म करने वाले अपने नेताओं को बचाती है। आम आदमी पार्टी जानना चाहती है कि भाजपा किस बात का बदला ले रही है? क्या अरविंद केजरीवाल को जंतर मंतर पर धरनारत पहलवानों का साथ देने और पुलवामा हमले पर सत्यपाल मलिक के बयान पर चंद सवाल पूछने या फिर दिल्ली में गरीबों को शानदार मुफ्त इलाज देने और विश्वस्तरीय स्कूल बनाने का बदला लिया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि हर दिन आम आदमी पार्टी के नेता पर एक नई एफआईआर दर्ज होती है। इस देश में भाजपा ने दो कानून लागू किए हैं। एक कानून को खासकर अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए बनाया गया है। इसके तहत विपक्ष के हर नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। इसका ताजा उदाहरण गुजरात में देखा गया है। आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश संयोजक ईसुदान गढवी के खिलाफ गुजरात में एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा का यह पहला कानून विपक्ष, खासकर आम आदमी पार्टी पर लागू होता है। वहीं, दूसरे कानून के तहत भाजपा अपनी पार्टी के लोगों को बचाने के लिए लागू करती है। बड़े से बड़ा जुर्म, दुष्कर्म करने वाले उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं होती है। इसका ताजा उदाहरण दिल्ली के जंतर-मंतर पर देखने को मिला। यहां देश के सबसे बड़े खिलाड़ी आज दिल्ली की सड़कों पर बैठकर इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं और भाजपा के एक नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
“आप” के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा कि ईसुदान गढवी एक छोटा सा राजनीतिक कटाक्ष करते हुए एक राजनीतिक ट्विट करते हैं। जिसके बाद उनके खिलाफ गुजरात पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करता है। वहीं दूसरी तरफ भारत का झंडा दुनिया में बुलंद करने वाले और देश के नाम कई मेडल जीतकर लाने वाले हमारे खिलाड़ी आज धरने पर बैठे हैं कि एक कथित यौन उत्पीड़न के मामले में भाजपा के एक नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, लेकिन इसके बाद भी केस दर्ज नहीं होता है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट को इस मामले में हस्ताक्षेप करते हुए कहना पड़ता है कि एफआईआर दर्ज की जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी के तमाम नेताओं के खिलाफ एफआईआर कर उन्हें इसलिए जेल के अंदर डालना चाहती है, क्योंकि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल में भाजपा को अपना काल नजर आता है। भाजपा जानती है कि उसका राजनीतिक तौर पर अगर कोई सफाया करेगा तो वो सिर्फ अरविंद केजरीवाल है। इसलिए आम आदमी पार्टी को खत्म करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मैं यह कहना चाहूंगा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक हत्या कर उन्हें राजनीतिक रूप से समाप्त करना चाहती है। इसी के चलते रोजाना आम आदमी पार्टी के लोगों के खिलाफ एक नया मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मैं भाजपा को बिना मांगे एक सलाह देना चाहता हूं कि वे ईडी, सीबीआई और पुलिस के सहारे से राजनीति न करें। अगर राजनीति करनी ही है तो शुद्ध रूप से चुनावी मैदान में करें, इसके लिए सरकारी एजेंसियों का सहारा न लें। इनके पास इतनी बड़ी सत्ता और पावर है, जिसे देश की जनता ने उन्हें दिया है कल को वे उसे आपसे छीन भी सकती है। कल को केंद्र में कोई विपक्षी पार्टी आ गई तो वो आपके साथ ऐसा न करे। इसलिए मैं आपको ये हिदायत दे रहा हूं।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा कि आज भाजपा के जो लोग सत्ता के नशे में चूर हैं, उससे बाहर आ जाएं। अपनी सत्ता पर इतना गुमान न करें कि विपक्ष के तमाम नेताओं के खिलाफ एफआईआर करते जाएं। आज भाजपा के नेताओं ने ईसुदान गढवी पर जो एफआईआर दर्ज कराई है, मैं उस संदर्भ में कहना चाहूंगा कि अगर कोई झूठी अफवाएं और फेक खबरें सोशल मीडिया पर फैलाता है तो वो भाजपा के लोग हैं। यह अधिकार सिर्फ उन्हें के पास है, बीजेपी के सोशल मीडिया विंग ने सिर्फ नेताओं और गैर-भाजपा लोगों के खिलाफ ही नहीं बल्कि इस देश के बड़े से बड़े न्यायाधीशों के खिलाफ भी सोशल मीडिया पर गलत बयानबाजी कर उनकी छवि को चोट पहुंचाने की कोशिश की है। भाजपा की सोशल मीडिया विंग स्वतंत्र न्यायपालिका और उसका हिस्सा न्यायाधीशों को भी नहीं छोउ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के लोगों से कहना चाहूंगा कि आप उन्हें डराओ जो आपसे डरते हो। आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल का सिपाही हैं और क्रांतिकारी है। वे आपकी एफआईआर और जेल से नहीं डरता है, लेकिन जितने भी मुकदमें आप हम पर दर्ज करते हैं, उससे यह बात स्पष्ट हो जाती है कि जब-जब भाजपा डरती है वो पुलिस को आगे करती है। उसी का नतीजा है कि गुजरात में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ईसुदान गढवी पर एफआईआर दर्ज की गई है। हम इसकी कठोर निंदा करते हैं। भाजपा को कहना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी को गुजरात में 13 फीसद वोट मिले और 5 विधानसभा सीटें जीती। जिस गुजरात को कहा जाता था कि यहां भाजपा को हराना तो दूर कोई चुनौती तक नहीं दे सकता, वहां हमने भाजपा के गढ़ में घुसकर 13 फीसद वोट लिए। पहली बार हम गुजरात में चुनावी मैदान में उतरे और पांच सीटें जीतकर लाए। आम आदमी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन कर जो राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा कमाया है, उससे डरकर और बौखला कर हमारे ऊपर ये एफआईआर दर्ज की जा रही है। जैसा कि मैंने शुरुआत में एक नया दिन और एक नई एफआईआर की बात कही थी, ये शीर्षक भाजपा ने जो आम आदमी पार्टी के खिलाफ जंग छेड़ी है उसकी हकीकत बताता है। भाजपा के लोग इस चीज का बदला ले रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल ने देश के खिलाड़ियों का साथ देते हुए जंतर-मंतर पर न्याय की गुहार लगाई है।
उन्होंने भाजपा से कुछ सवाल पूछते हुए कहा कि क्या भाजपा आम आदमी पार्टी से इस चीज का बदला ले रही है कि अरविंद केजरीवाल ने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के इंटरव्यू में उठे पुलवामा हमले के मुद्दे से जुड़े चार सवाल पूछे? या इसलिए कि दिल्ली में गरीबों के लिए मोहल्ला क्लीनिक बनाकर उन्हें अच्छा इलाज दिया? या फिर इसलिए भाजपा हमसे बदला ले रही है कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने आलीशान स्कूल बनाकर दिल्ली के 18 लाख बच्चों का भविष्य संवारने का काम किया है?
आज इस दौर में देश में दो कानून लागू हैं जिसमें “आप” के नेता पर एक राजनीतिक कटाक्ष करने पर एफआईआर दर्ज हो जाती है। दूसरी ओर देश के खिलाड़ी भाजपा के एक नेता के ऊपर कार्रवाई करने की मांग करते हैं, लेकिन उनके खिलाफ भाजपा एफाआईआर दर्ज करने को राजी नहीं है। ये दो कानून देश की बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति को दिखाता है। भाजपा को यह मालूम है कि अरविंद केजरीवाल उनका काल है, जैसे कि मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं कि जैसे कंस को पता था कि भगवान श्रीकृष्ण ही उसका काल बनकर आएंगे। ऐसे ही भाजपा को यह अहसास है कि उनका अंत अरविंद केजरीवाल के हाथों होगा। इसलिए भाजपा हर संभव कोशिश कर रही है कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को चोट पहुंचाई जाए। भाजपा का लक्ष्य है कि अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक हत्या की जाए लेकिन वो इसमें कभी सफल नहीं होंगे, क्योंकि इस देश की जनता का आशीर्वाद और प्यार अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को प्राप्त है। पूरे देश के लोग चट्टान की तरह उनके साथ खड़े हैं।