
आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को सीबीआई द्वारा ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को समन भेजने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साजिश करार दिया है। पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर ‘आप’’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि सीएम अरविंद केजरवाल ने विधानसभा में देश को समझाने का प्रयास किया था कि अडानी की कंपनी में लगा लाखों करोड़ रुपए का काला धन दरअसल पीएम मोदी का है। उसी दिन से उनके खिलाफ मोदी जी ने साजिश रचनी शुरू कर दी और आज सीबीआई का समन भी आ गया। उन्होंने कहा कि इस नोटिस से भ्रष्टाचार के खिलाफ अरविंद केजरीवाल की लड़ाई रूकने वाली नहीं है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा से देश के सामने प्रधानमंत्री के काले कारनामों को उजागर करने की जो शुरूआत की है, वो जारी रहेगी और देश के हर घर तक पहुंचेगी।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि जिस दिन दिल्ली विधानसभा में सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोस्त की कंपनी में लगा हुआ लाखों करोड़ रुपए का काला धन दरअसल, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पैसा है। उसी दिन मैंने उनसे कहा था कि अगला नंबर अब आपका होगा। ये लोग प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार को दबाने के लिए सारे जतन करेंगे। क्योंकि दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल ने सिलसिलेवार तरीके से परत दर परत देश को समझाने का प्रयास किया था कि भ्रष्टाचार का लाखों करोड़ रुपए का कालाधन मोदी जी के दोस्त की कंपनी में लगा है। यह मोदी जी के भ्रष्टाचार का पैसा है। उसी दिन से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मोदी जी ने साजिश रचनी शुरू कर दी थी और आज अरविंद केजरीवाल को सीबीआई का समन आ गया।
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई समन भेजने से नहीं रूकेगी। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा से देश के सामने प्रधानमंत्री के काले कारनामों को उजागर करने की जो शुरूआत की है, वो जारी रहेगी। पूरे देश में यह अभियान जारी रहेगी। प्रधानमंत्री ने 16 अप्रैल को अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर जेल में डालने की जो साजिश रची है, इससे अरविंद केजरीवाल की आवाज नहीं दबने वाली है। दिल्ली विधानसभा से अरविंद केजरीवाल की निकली आवाज देश के एक-एक घर में पहुंचेगी कि प्रधानमंत्री ने लाखों करोड़ रुपए का कालाधन अपने दोस्त की कंपनी में लगाया है और मिलकर भ्रष्टाचार किया है।
उन्होंने कहा कि यह अरविंद केजरीवाल है। अरविंद केजरीवाल ने पूरे देश को शिक्षा-स्वास्थ्य, बिजली- पानी का मॉडल दिया। दिल्ली की जनता के लिए दिन-रात परिश्रम करके काम किया। वे इनकम टैक्स कमिश्नर की नौकरी पर लात मारकर देश की सेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़े। ये वही अरविंद केजरीवाल हैं, जिन्होंने 13 दिन लगातार अनशन रखकर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने का काम किया। इसलिए प्रधानमंत्री की ओर से भिजवाई गई एक नोटिस से अरविंद केजरीवाल की भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम रूकने वाली नहीं है। अपने दोस्त के साथ मिलकर प्रधानमंत्री ने जो लाखों करोड़ रुपए का घोटाला किया है, उसकी कहानी पूरे देश को बताना जरूरी है। इसे देश के हर गांव हर मोहल्ले में पहुंचाना जरूरी है।
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल के भाषण के बाद इस नोटिस के जरिए धमकाने जो प्रयास किया गया है और अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की साजिश की गई है, इससे न तो अरविंद केजरीवाल और न आम आदमी पार्टी का एक भी नेता व कार्यकर्ता झुकने और डरने वाला है। अरविंद केजरीवाल पहले भी प्रधानमंत्री से लड़ते रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। इससे पहले भी अरविंद केजरीवाल के पास समय-समय पर बहुत सारी मुसीबतें आ चुकी हैं। बहुत सी कार्रवाई भी हुई। कभी उनके दफ्तर पर सीबीआई ने छापा मारा, तो कभी मंत्रियों व विधायकों को गिरफ्तार किया। इसके बाद भी न तो दिल्ली की जनता का काम रोका और न भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई रोकी। आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी।